Thursday, October 22nd, 2026

कल विकास के नारियल फोड़ेगी बीजेपी, BJP सरकार की थीम पर हर मंडल में होंगे कार्यक्रम

भोपाल
भाजपा कल प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों और जिला मुख्यालयों पर विकास के नारियल फोड़ेगी। यह नारियल पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के उस बयान के जवाब में फोड़े जाएंगे जिसमें नाथ द्वारा सीएम शिवराज को नारियल साथ लेकर चलने और कहीं भी फोड़ने वाला मुख्यमंत्री बताया गया है। भाजपा यह भी बताएगी कि शिवराज सरकार विकास करती है, इसलिए नारियल फोड़ रही है। इसके साथ ही 24 मार्च को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों को पंचायत स्तर पर चौपाल लगाकर श्रीफल दिए जाएंगे। यहां भी सरकार के काम का प्रचार किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा आज सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफार्म पर सरकार के एक साल के काम काज पर संबोधन देंगे।

भाजपा के प्रदेश संगठन ने तय किया है कि आज जिले में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस के 15 माह बनाम भाजपा सरकार के 12 माह के कार्यकाल को तुलनात्मक रूप से मीडिया के सामने रखा जाएगा। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विधायक या पराजित प्रत्याशी इन विकास वार्ताओं को संबोधित करेंगे। कल सेवा का संस्कार, विकास की रफ्तार, अभिनंदन भाजपा सरकार की थीम पर हर मंडल में विकास का नारियल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी स्वीकृत, जारी और पूर्ण हो चुके विकास कार्यों के स्थल पर झण्डे, बैनर, ढोल, ढमाकों के साथ जाकर स्थानीय कार्यकर्ता एवं नागरिक विकास का नारियल फोड़ेंगे। इसी दिन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा किये गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किसानों एवं स्ट्रीट वेंडर्स के खातों में दो हजार करोड़ से अधिक की राशि कल पहुंचाएंगे। 24 मार्च को विभिन्न विधानसभा क्षेत्र, पंचायत एवं नगरों में कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों का चौपाल लगाकर सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रमों के दौरान पार्टी कार्यकर्ता कोविड 19 की गाइडलाइन का पालन करेंगे। 25 मार्च को टीकाकरण अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण का अभियान चलाएंगे तथा पात्र नागरिकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करेंगे और सहयोग करेंगे।

 

#विकास#बीजेपी#BJP सरकार

Source : Agency

पाठको की राय